Hindi News / पहले दिन हंगामेदार माहौल में शुरु हुई सदन की कार्यवाही, राजद ने पेपर...

बिहार विधानसभा मानसून सत्र : पहले दिन हंगामेदार माहौल में शुरु हुई सदन की कार्यवाही, राजद ने पेपर लीक को लेकर किया प्रदर्शन

Edited By:  |
bihar vidhansabha mansun satra

पटना:बिहार विधानमंडल का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार को हंगामेदार माहौल में शुरू हुआ. पहले ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक नोकझोंक देखने को मिली. सरकार जहां अनुपूरक बजट और कई महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन में पेश करने की तैयारी के साथ पहुंची,वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतरा.

सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक और विधान पार्षदों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. राजद नेNEETपरीक्षा में कथित पेपर लीक,प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी और छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया.

प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. राजद नेताओं का कहना था कि परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लेनी चाहिए. साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग कर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग भी उठाई गई. विपक्ष का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है.

दूसरी ओर,मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,उपमुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्री सदन की कार्यवाही में शामिल हुए. सरकार इस सत्र में प्रथम अनुपूरक बजट,विभिन्न विकास योजनाओं और कई महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन के समक्ष रखने की तैयारी में है. साथ ही सरकार अपने कार्यकाल के शुरुआती100दिनों की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से रखने की रणनीति बना रही है.

मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शिक्षा,विकास,कानून-व्यवस्था तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं. विपक्ष ने संकेत दिया है कि वह पूरे सत्र के दौरान सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने का प्रयास करेगा,जबकि सरकार अपने विकास कार्यों और योजनाओं का पक्ष मजबूती से रखेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--