Hindi News / चौथे दिन भी हंगामेदार रहा सदन,विपक्ष ने छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में...

बिहार विधानसभा मानसून सत्र : चौथे दिन भी हंगामेदार रहा सदन,विपक्ष ने छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सरकार को घेरा

Edited By:  |
bihar vidhansabha ka monsoon satra

पटना: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का चौथा दिन भी हंगामे के साथ शुरू हुआ. NEET पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा. विधानसभा परिसर में विपक्षी विधायक बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की. सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा के पोर्टिको में भी विपक्षी विधायकों ने प्रदर्शन किया. छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सरकार की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की. विपक्ष का आरोप है कि सरकार युवाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और लगातार उनकी आवाज दबाई जा रही है.

बिहार विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई. भारी शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी. कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायक हाथों में पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए. वे “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी” के नारे लगाने लगे. इसी दौरान बीजेपी विधायक श्याम बाबू यादव ने कहा कि बुधवार को पटना में छात्रों के आंदोलन में गुंडे शामिल थे. उनके इस बयान पर विपक्ष के विधायक फिर भड़क गए. हंगामा बढ़ने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. इस बीच मुख्यमंत्री भी सदन से बाहर निकल गए. भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी. इसमें शिक्षा और सहकारिता विभाग के प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे. दोपहर में वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करेंगे. इसके साथ ही ‘बिहार विनियोग (संख्या-3) विधेयक, 2026’ भी पेश किया जाएगा. इससे अनुपूरक बजट के खर्चों को कानूनी मंजूरी मिल सकेगी.