बिहार से विदेश यात्रा आसान : पांच नए अंतरराष्ट्रीय रूट पर सीधी सेवा की तैयारी,एयरलाइंस को मिलेगा सरकारी प्रोत्साहन
पटना:बिहार से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार बिहार से नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने की तैयारी में जुट गई है. इसके लिए एयरलाइंस कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन देने का फैसला किया गया है. सरकार की नई गंतव्य नीति के तहत पहले चरण में पांच अंतरराष्ट्रीय रूट पर सीधी उड़ान शुरू कराने की योजना है.
प्रस्तावित मार्गों में पटना से काठमांडू और गया से काठमांडू, शारजाह, कोलंबो तथा सिंगापुर शामिल हैं. इन रूटों पर उड़ान शुरू करने के लिए नागरिक विमानन विभाग ने एयरलाइंस से निविदा आमंत्रित की है. चयनित एयरलाइंस को व्यवहार्यता अंतर वित्त पोषण यानी वीजीएफ के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसका उद्देश्य नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शुरुआती संचालन में कंपनियों के वित्तीय जोखिम को कम करना है.
अंतरराष्ट्रीय रूट पर सामान्य तौर पर कम से कम 150 सीट क्षमता वाले विमान के संचालन की शर्त रखी गई है. हालांकि पटना-काठमांडू मार्ग को इससे छूट दी गई है. इस रूट पर एटीआर-72 या क्यू-400 जैसे छोटे विमानों से भी सेवा शुरू की जा सकेगी.
निविदा प्रक्रिया में चयनित एयरलाइंस को आशय पत्र जारी होने के तीन महीने के भीतर उड़ान शुरू करनी होगी. विशेष परिस्थितियों में यह अवधि अधिकतम छह महीने तक बढ़ाई जा सकती है.
सरकार का मानना है कि नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से बिहार का विदेशों से हवाई संपर्क मजबूत होगा.इससे बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, निवेश, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
पटना-काठमांडू सीधी उड़ान शुरू होने से नेपाल जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा. वहीं गया से शारजाह, कोलंबो और सिंगापुर के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलने से बिहार के यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट