बिहार पुलिस का CCTNS सर्वर 4 दिनों से ठप : सिटीजन सर्विसेज पोर्टल बंद, ऑनलाइन FIR सहित न्यायिक कार्य भी प्रभावित
पटना:बिहार पुलिस की ऑनलाइन क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS)सेवा पिछले चार दिनों से ठप पड़ी है. सर्वर की हार्ड डिस्क क्रैश होने के कारण आम लोगों के लिए बनाया गया सिटीजन सर्विसेज पोर्टल भी बंद हो गया है. इससे ऑनलाइन एफआईआर,केस डायरी अपलोड,शिकायतों के निस्तारण और अन्य डिजिटल पुलिस सेवाएं प्रभावित हो रही है.
सर्वर ठप होने से राज्य के सभी थानों का जिला और पुलिस मुख्यालय से ऑनलाइन संपर्क भी प्रभावित हुआ है. थानों से केस डायरी,एफआईआर और अन्य रिकॉर्ड सिस्टम पर अपलोड नहीं हो पा रहे हैं. हाल ही में पुलिस मुख्यालय द्वारा शुरू किया गया निगरानी संबंधी पीएसएम ऐप भी तकनीकी समस्या से प्रभावित बताया गया है.
इसका असर केवल पुलिस विभाग तक सीमित नहीं है.CCTNSसे न्यायालय,जेल,अभियोजन और विधि विज्ञान प्रयोगशालाएं भी जुड़ी हैं. ऑनलाइन डेटा ट्रांसफर बाधित होने से न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार,तकनीकी खराबी दूर करने के लिए विशेषज्ञ टीम काम कर रही है और मुंबई से एनआईसी के इंजीनियरों को भी बुलाया गया है.
एससीआरबी एवं मॉडर्नाइजेशन के एडीजी अजिताभ कुमार ने बताया कि हार्ड डिस्क में आई तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं प्रभावित हुई हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सर्वर को जल्द रिस्टोर कर सभी ऑनलाइन सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी.CCTNSके माध्यम से बिहार पुलिस की कई नागरिक सेवाएं संचालित होती हैं,जिनमें ऑनलाइन शिकायत,एफआईआर और अन्य डिजिटल सुविधाएं शामिल हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--