BIHAR NEWS : जेडीयू में सक्रिय रूप से जुड़ने के बाद एक्शन मोड में निशांत,कार्यकर्ताओं से किया संवाद
पटना:जेडीयू से सक्रिय रूप से जुड़ने के बाद निशांत कुमार ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है. उन्होंने पार्टी को अपने पिता की विचारधारा का “वटवृक्ष” बताते हुए कहा कि जेडीयू में जनसेवा का वैचारिक प्रशिक्षण मिलता है.निशांत कुमार ने बताया कि पार्टी से सक्रिय जुड़ाव के बाद वे लगातार नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं. इसी कड़ी में उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में कई जनप्रतिनिधियों और जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
निशांत नेकहा कि यह मुलाकातें केवल औपचारिक नहीं हैं, बल्कि संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के अनुभव को समझने का प्रयास हैं. निशांत कुमार के मुताबिक, पार्टी की मूल विचारधारा जनसेवा और सामाजिक समरसता पर आधारित है, जिसे आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है.
राजनीतिक हलकों में निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हाल के दिनों में उनके नाम को लेकर चर्चाएं भी तेज हुई हैं, खासकर ऐसे समय में जब बिहार में नई सरकार के गठन और नेतृत्व को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
विशेषज्ञों का मानना है कि जदयू के भीतर संगठनात्मक स्तर पर उनकी सक्रिय भागीदारी आने वाले समय में बड़ी राजनीतिक भूमिका का संकेत हो सकती है. फिलहाल, निशांत कुमार कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर रहे हैं