BIHAR NEWS : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने फुलवारीशरीफ उर्स में की चादरपोशी, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ
पटना:बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने फुलवारीशरीफ स्थित खानकाह मुजीबिया में आयोजित सालाना उर्स के मौके पर हजरत मखदूम सैयद शाह पीर मुहम्मद मुजीबुल्लाह कादरी रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर चादरपोशी की.
चादरपोशी के बाद तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुल्क और बिहार में अमन-चैन, भाईचारा, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी. उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की और समाज में आपसी प्रेम एवं सौहार्द कायम रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि मेरे पिता भी इस मौके पर आते थे. उन्हीं के रास्ते पर हम भी चल रहे हैं. उन्होंने सरकार पर भी तंज कसा.
उर्स के मौके पर खानकाह मुजीबिया में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद रहे. इस दौरान धार्मिक माहौल के बीच लोगों ने मुल्क और प्रदेश में शांति, खुशहाली एवं आपसी भाईचारे की दुआ की.
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, विधान पार्षद तथा पार्टी के स्थानीय नेता, अल्पसंख्यक समुदाय के राष्ट्रीय सचिव कौसर खान प्रखंड के उपाध्यक्ष गोल्डन एवं सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे. इनमें वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, कारी मोहम्मद सोहैब, शक्ति सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में राजद के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
तेजस्वी प्रसाद यादव के पहुंचने पर पार्टी नेताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया. चादरपोशी के दौरान खानकाह परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
अभय राज की रिपोर्ट--