Hindi News / 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

झारखंड के 11 जिलों में आंधी-वज्रपात का अलर्ट : 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

Edited By:  |
jharkhand k 11 jilon mein aandhi varjpaat ka alert jharkhand k 11 jilon mein aandhi varjpaat ka alert

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है.मौसम केंद्र,रांची ने राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन,वज्रपात और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. रांची, खूंटी, लोहरदगा और रामगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों के कुछ हिस्सों में अगले एक से तीन घंटे के दौरान मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.

सात जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, लातेहार और सरायकेला-खरसावां के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां भी अगले एक से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे के मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.

रांची में भी बारिश के आसार

मौसम केंद्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार रांची में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे में रांची में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। रांची के कांके में 55.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.

जमशेदपुर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश जमशेदपुर में 67.6 मिलीमीटर दर्ज की गयी.हजारीबाग में 48.2 मिलीमीटर और बोकारो थर्मल में 41.8 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं,जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा.

बिजली गिरने के दौरान सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क और सावधान रहने की अपील की है. लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गयी है. किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेतों में नहीं जाने की हिदायत दी गयी है। मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान में जाने से बचें. सुरक्षित भवन में शरण लें और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें.