Hindi News / पुलिस के 18 अधिकारियों-जवानों को राष्ट्रपति पदक,अफसर हुसैन को गैलंट्री मेडल

BIHAR NEWS : पुलिस के 18 अधिकारियों-जवानों को राष्ट्रपति पदक,अफसर हुसैन को गैलंट्री मेडल

Edited By:  |
bihar news

बिहार:स्वतंत्रता दिवस से पहले बिहार पुलिस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों और जवानों को पुलिस पदक देने की घोषणा की है। इस बार बिहार पुलिस को पिछले वर्ष की तुलना में तीन अधिक पदक मिले हैं। पिछले वर्ष 15 पुलिसकर्मियों को पदक मिला था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

बेऊर थाने के इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को अदम्य साहस और वीरता के लिए पुलिस मेडल फॉर गैलंट्री से सम्मानित किया जाएगा। उनके नाम की घोषणा वीरता के लिए दिए जाने वाले पदक के तहत हुई है। इस सम्मान को बिहार पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

वहीं,आईजी संजय कुमार और एसपी बीना कुमारी को विशिष्ट सेवा के लिए प्रेसिडेंट्स पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित किया जाएगा। दोनों अधिकारियों को लंबे समय से उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जा रहा है।

इसके अलावा डीआईजी राकेश कुमार सिन्हा और एसपी इम्तियाज अहमद समेत 15 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस प्रदान किया जाएगा। इन अधिकारियों और जवानों की सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिसिंग में योगदान को देखते हुए सम्मान के लिए चुना गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस, सुरक्षा और अन्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के नामों की घोषणा की जाती है। बिहार पुलिस के लिए इस बार 18 पदकों की घोषणा राज्य के पुलिस महकमे के मनोबल को बढ़ाने वाली है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इन पदकों से सम्मानित पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।