Hindi News / बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, 24 घंटे बंद रहेगी ऑनलाइन...

BIHAR NEWS : बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, 24 घंटे बंद रहेगी ऑनलाइन सेवाएं

Edited By:  |
bihar news

पटना: बिहार के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. ऊर्जा विभाग ने नई बिलिंग प्रणाली लागू करने के लिए 24 घंटे तक सभी ऑनलाइन सेवाएं बंद रखने का निर्णय लिया है. विभाग के अनुसार शनिवार रात 8 बजे से रविवार रात 8 बजे तक उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (NBPDCL)और दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (SBPDCL)की सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी.

इस दौरान उपभोक्ता बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान,स्मार्ट मीटर रिचार्ज,नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन,लोड बढ़ाने का अनुरोध तथा अन्य डिजिटल सेवाओं का उपयोग नहीं कर सकेंगे. ऊर्जा विभाग ने बताया कि यह कदम तकनीकी उन्नयन और नई बिलिंग प्रणाली को लागू करने के लिए उठाया जा रहा है,जिससे भविष्य में उपभोक्ताओं को अधिक तेज,सुरक्षित और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध हो सके.

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत देते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि मेंटेनेंस अवधि के दौरान किसी उपभोक्ता का बैलेंस समाप्त हो जाता है और वह रिचार्ज नहीं कर पाता है,तब भी उसकी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी. बैलेंस शून्य या माइनस होने पर भी बिजली चालू रहेगी.

ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 24 घंटे तक धैर्य बनाए रखें. विभाग का दावा है कि रविवार रात 8 बजे के बाद सभी ऑनलाइन सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएगी और नई बिलिंग प्रणाली के साथ पहले से अधिक बेहतर तरीके से कार्य करेगी. इस बदलाव का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और सुगम डिजिटल सेवाएं प्रदान करना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--