BIHAR NEWS : बिहार में ग्रामीण संपर्कता का विस्तार, 1.21 लाख से अधिक बसावटें पक्की सड़कों से जुड़ीं
पटना : ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सम्पर्कता सुनिश्चित करने के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है. राज्य में संपर्क-विहीन बसावटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, आर्थिक गतिविधियों और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुँच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.
इस दिशा में राज्य में चिह्नित 1,29,990 संपर्क-विहीन बसावटों में से अब तक 1,21,444 बसावटों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ा जा चुका है. इन बसावटों तक सुगम पहुँच के लिए राज्य भर में 1,20,668 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है. वहीं शेष 8,780 बसावटों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए 13,167 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है.
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण संपर्कता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं. चालू वित्तीय वर्ष में 3,161 नई बसावटों को 9,264 किलोमीटर लंबी सड़कों के माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य करते हुए अब तक 234 बसावटों को 427 किलोमीटर नई ग्रामीण सड़कों से जोड़ा जा चुका है.
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता के विस्तार का सकारात्मक प्रभाव शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि एवं स्थानीय व्यापार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के जीवन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार,निवेश और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--