Hindi News / सड़क परियोजनाओं की प्रगति को लेकर बिहार पथ निर्माण विभाग में बैठक का...

BIHAR NEWS : सड़क परियोजनाओं की प्रगति को लेकर बिहार पथ निर्माण विभाग में बैठक का हुआ आयोजन

Edited By:  |
bihar news

पटना : पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बिहार में बौद्ध सर्किट का अभिन्न हिस्सा मानी जाने वाली बेतिया–साहेबगंज (एनएच-139डब्ल्यू) 4-लेन कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. वह शुक्रवार को विभागीय सभागार में आयोजित बैठक में एनएचएआई की कार्यान्वयनाधीन परियोजनाओं की प्रगति संबंधी बैठक कर रहे थे.

सचिव ने कहा कि करीब 2895 करोड़ की लागत से 198.522 किलोमीटर लंबी परियोजना का कार्य पूरा होने से बकरपुर से मानिकपुर, साहेबगंज, अरेराज होते हुए बेतिया तक बेहतर एवं निर्बाध संपर्क स्थापित होगा. साथ ही राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वह परियोजना स्थल का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रेषित करें. साथ ही भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाएं.

सचिव पाल ने कहा कि चार पैकेज में क्रियान्वित होने वाली परियोजना की राह में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए. विभागीय अभियंताओं ने उन्हें बताया कि पैकेज-1 (बुद्ध सर्किट) के अंतर्गत 38.81 किलोमीटर लंबी 4-लेन सड़क का निर्माण कार्य बाकरपुर और वैशाली के मानिकपुर के बीच किया जा रहा है. इस पैकेज में अभी तक करीब 45 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है.

उन्होंने सचिव को जानकारी दी कि बेगूसराय शहर अंतर्गत 4-लेन एलिवेटेड कॉरीडोर का निर्माण कार्य लगभग 96 फीसदी तक पूरा किया जा चुका है. शेष कार्य भी जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे. बैठक में आमस–दरभंगा एक्सप्रेसवे,छपरा–पटना 6-लेन कॉरिडोर,बख्तियारपुर–पूर्णिया,एनएच-31 फोर-लेन,मोकामा–मिर्जा चौकी फोर-लेन,पटना–बेतिया,मोकामा–मुंगेर आदि कॉरिडोर के साथ ही वैशाली और दरभंगा में कनेक्टिविटी परियोजनाओं के निर्माण कार्य और उसकी प्रगति पर चर्चा की गई. इस अवसर पर सचिव पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण करने और इसकी प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध तरीके से पूर्ण होना सुनिश्चित करें. बैठक में पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव डॉ. शैलजा शर्मा,संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया,अभियंता प्रमुख उमाकांत रजक के साथ दूसरे अधिकारी मौजूद रहे.