BIHAR NEWS : पटना मेट्रो में कार्य प्रगति पर, पुणे मेट्रो से 3 मेट्रो ट्रेन सेट लाए जाएंगे पटना
Patna : पटना मेट्रो परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है. राजधानी में मेट्रो सेवा का विस्तार तेजी से किया जा रहा है. इसी क्रम में पुणे मेट्रो से तीन मेट्रो ट्रेन सेट पटना लाए जाएंगे. इन ट्रेनों को तीन वर्ष की लीज पर उपलब्ध कराया जाएगा. प्रत्येक ट्रेन में तीन-तीन कोच होंगे. पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इसके लिए पुणे मेट्रो को ऑर्डर दे दिया है. उम्मीद है कि ये ट्रेनें दिसंबर 2026 तक पटना पहुंच जाएंगी, जिससे नए साल में राजधानीवासियों को मेट्रो सेवा का बड़ा लाभ मिल सकता है.
जानकारी के अनुसार, एक ट्रेन सेट की अनुमानित लागत करीब 21.15 करोड़ रुपये है. इस तरह तीन ट्रेन सेटों पर लगभग 63.45 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. इन ट्रेनों का उपयोग उन रूटों पर किया जाएगा, जहां मार्च 2027 तक मेट्रो परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
पटना मेट्रो के पहले चरण में खेमनीचक से मीठापुर और दानापुर से आरपीएस मोड़ तक मेट्रो चलाने की योजना है. इन दोनों हिस्सों की कुल लंबाई लगभग 7.39 किलोमीटर है. इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर स्लैब बिछाने का काम पूरा हो चुका है और अब स्टेशनों की फिनिशिंग तथा अन्य तकनीकी कार्य तेजी से किए जा रहे हैं.
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, जगनपुरा, रामकृष्णा नगर, मीठापुर, दानापुर, सगुना मोड़ और आरपीएस मोड़ सहित छह स्टेशनों के फिनिशिंग कार्य के लिए दूसरी बार टेंडर जारी किया जा रहा है. वहीं, कॉरिडोर-1 के खेमनीचक से दानापुर के बीच के हिस्से में भूमिगत सुरंग का निर्माण भी प्रस्तावित है. परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक, तेज और सुविधाजनक होगी तथा सड़क पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--