BIHAR NEWS : बिहार पुलिस में बड़ा बदलाव तय, सम्राट सरकार सात साल पुरानी जोनल व्यवस्था फिर करेगी लागू
पटना: बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सम्राट चौधरी सरकार राज्य में सात साल पुरानी जोनल व्यवस्था को फिर से लागू करने की तैयारी में है. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेजा गया है. सूत्रों के अनुसार,इस प्रस्ताव पर अंतिम स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है और मंजूरी मिलने के बाद अधिसूचना जारी की जा सकती है.
दरअसल,वर्ष2019में राज्य की जोनल व्यवस्था को समाप्त कर12पुलिस रेंज की मौजूदा व्यवस्था लागू की गई थी. अब कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने,अपराध नियंत्रण में तेजी लाने तथा जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुरानी व्यवस्था की वापसी पर विचार किया जा रहा है.
प्रस्तावित बदलाव के तहत राज्य में पहले की तरह जोन बनाए जा सकते हैं,जिनकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी. माना जा रहा है कि इससे पुलिस प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी और बड़े अपराधों की समीक्षा एवं निगरानी अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी.
हालांकि,सरकार की ओर से अभी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है,लेकिन पुलिस महकमे में इस संभावित बदलाव को लेकर चर्चा तेज है. यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है,तो बिहार पुलिस की प्रशासनिक संरचना में यह एक महत्वपूर्ण परिवर्तन साबित होगा,जिसका सीधा असर कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग और पुलिसिंग की दक्षता पर पड़ सकता है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--