Hindi News / सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, 13 थीम पर होंगे...

BIHAR NEWS : सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, 13 थीम पर होंगे कार्यक्रम

Edited By:  |
bihar news

पटना: राजधानी पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित‘संवाद’में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में‘सेवा संकल्प अभियान’और‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री ने बताया कि‘सेवा संकल्प अभियान’17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसके तहत 13 महत्वपूर्ण थीम पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 17 सितंबर को‘आशीर्वाद का दीया’कार्यक्रम के तहत जिले से लेकर पंचायत और बूथ स्तर तक दीपोत्सव होगा. वहीं 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.

‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’और‘सेवा सेतु अभियान’जैसे कार्यक्रम भी होंगे. 6 अक्टूबर को‘सरकार आपके द्वार’के तहत पूरे बिहार में प्रखंड स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगा. इसके तहत पुरानी परिसंपत्तियों का उन्नयन,सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के साथ नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा.

उन्होंने प्रत्येक पंचायत से 10 योजनाओं को चिह्नित कर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. आंगनबाड़ी केंद्रों,विद्यालयों,हेल्थ सेंटर,पंचायत और सामुदायिक भवनों में आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने को कहा गया. दुर्गापूजा और दीपावली को देखते हुए साफ-सफाई,वृक्षारोपण,रक्तदान और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भलाई के लिए काम करना ही सेवा है और योजनाओं का कायाकल्प इस अभियान का मूल उद्देश्य है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--