BIHAR NEWS : बिहार में 89 हजार से अधिक लोगों की नेत्र जांच, 76 हजार से अधिक को लगा चश्मा
पटना : राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में संचालित बुनियाद केंद्रों पर मुफ्त नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है. इस अभियान के अंतर्गत अब तक 89 हजार 526 लोगों का मुफ्त नेत्र परीक्षण किया जा चुका है. इसमें 76 हजार 27 लोग ऐसे पाए गए हैं, जिन्हें चश्मा की आवश्यकता पाई गई है. यह अभियान 5 मई तक जारी रहेगा. चश्मा वितरण की प्रक्रिया नेत्र जांच के 15 दिनों बाद शुरू की जाती है. इसके मद्देनजर अब तक 12 हजार 771 लोगों को चश्मा दिया जा चुका है. इस अभियान के माध्यम से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है.
इसके पहले चरण की शुरुआत 23 मार्च से की गई थी,जिसमें 86 हजार लाभार्थियों का नेत्र जांच किया गया. इसमें 73 हजार से अधिक लोगों को चश्मा की जरूरत पाई गई. इनमें अब तक 11 हजार 714 लाभार्थियों को चश्मा दिया जा चुका है. इस चरण में सबसे अधिक गोपालगंज जिले के गोपालगंज सदर बुनियाद केंद्र पर 1406 लाभार्थियों का नेत्र जांच हुआ. जरुरत के मुताबिक 1135 लाभार्थियों को चश्मा निर्धारित किया गया. विभाग ने प्रत्येक बुनियाद केंद्र पर 1 हजार चश्मा वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है,वहीं सभी केंद्रों पर 1 लाख चश्मा वितरण का लक्ष्य निर्धारित है.
तीनों चरणों में एक महीने तक अभियान का संचालन किया जा रहा है. दूसरा चरण 30 मार्च से और तीसरा चरण 5 अप्रैल से चल रही है. इस विशेष अभियान के अंतर्गत राज्य के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर नियमित रूप से नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है,जहां विशेषज्ञों के माध्यम से लाभार्थियों की जांच कर उन्हें चश्मा दिए जाने के लिए अनुशंसित किया जा रहा है. राज्य स्वास्थ्य समिति के अंतर्गत सूचीबद्ध एजेंसी से नेत्र जांच के उपरांत 15 दिनों के भीतर चश्मा उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है,जिसके पश्चात लाभार्थियों को चश्मा का वितरण किया जा रहा है. इसके माध्यम से न केवल दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान हो रही है,बल्कि समय रहते उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. यह अभियान अब 5 मई तक जारी रहेगा,जिसके अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों को विशेष सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है.