BIHAR NEWS : गर्मियों से पहले बिजली व्यवस्था मजबूत, पटना में ट्रांसफॉर्मर क्षमता 315 KVA तक बढ़ी
पटना : राजधानी पटना में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग की तरफ से नए परियोजना के तहत विकास कार्य किये जा रहे हैं जिसके तहत 328 करोड़ की लागत से शहर के लगभग सभी इलाकों में अंडरग्राउंड केबलिंग का काम पूरा किया जा रहा है. ताकि बिजली चोरी, शॉर्ट सर्किट, बारिश में ब्रेकडाउन जैसी समस्या से पूरी तरह से निजात मिल सके.
राजधानी में बिजली आपूर्ति करने वाली संस्थान पेसू के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी के कई मुहल्लों में 11 केवी यूजी केबल तार 124 किलोमीटर साथ ही डाकबंगला चौराहा में 102 किलोमीटर तक की दूरी तक बिछाया जा रहा है. इस परियोजना को साल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वहीं उन्होंने बताया कि गर्मी से पहले 337 नये बिजली के खंभे लगाये गये हैं.
गर्मियों के लिए 200 केवीए ट्रांसफॉर्मर को 315 केवीए तक बढ़ाया गया
पेसू अधिकारियों ने यह भी कहा कि गर्मियों में बिना रूकावट बिजली आपूर्ति के लिए 200 केवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता को बढ़ा कर 315 केवीए तक बढ़ाया गया है. साथ ही उपभोक्ताओं के सहायता के लिए भी 33 केवी का 22 आरएमयू लगाया गया है. साथ ही 11केवी का 221 आरएमयू लगाया जा चुका है.
20 एमवीए सब स्टेशन का निर्माण
पेसू क्षेत्र में बढ़ती आबादी को देखते हुए अतिरिक्त 20 एमवीए पावर सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है. दानापुर ब्लॉक ऑफिस, नोहसा, ट्रांसपोर्ट नगर, बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी व अन्य इलाकों में सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है.