BIHAR NEWS : राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव बोले-पटना बिहटा-औरंगाबाद रेलखंड के निर्माण कार्य पर केंद्र सरकार गंभीरता दिखाये
पटना : राष्ट्रीय जनता दल के सांसद डॉक्टर सुरेंद्र प्रसाद यादव ने पटना बिहटा-औरंगाबाद रेल परियोजना का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराये जाने की मांग की है. उन्होंने आगे कहा कि जिस रेल परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2007 में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद जी ने की थी ,उस परियोजना के कार्यों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है. आखिर कारण क्या है? ज्ञात हो कि इस परियोजना के अंतर्गत 118 किलोमीटर रेलखंड का निर्माण कार्य होना था, जिसका प्राक्कलन राशि करीब 326 करोड़ रूपये था. इस रेल परियोजना के पूरा होने से पटना का बिहटा,अरवल, दाउदनगर, औरंगाबाद सहित गया जिला का सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती. इससे एक बड़ी आबादी को लाभ होता, लेकिन जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है उसके बाद से ही इस रेल परियोजना पर चर्चा भी बंद हो गया है. उन्होंने अविलंब जनहित में इस दिशा में केंद्र सरकार से कार्यों को शुरू कराने की मांग की है और साथ ही कहा कि इस कार्य को पूरा करवाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक मामले को उठाने का कार्य किया जाएगा और केंद्र सरकार को मजबूर किया जाएगा.
उन्होंने रेल मंत्रालय से जहानाबाद को कोलकाता तक रेल सुविधा प्रदान करने के लिए गंगा दामोदर एक्सप्रेस को धनबाद से विस्तारित कर कोलकाता तक किये जाने की मांग की है. साथ ही बेंगलुरु के लिए जहानाबाद से होते हुए पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को पटना गया मार्ग से परिवर्तित कर दिया जाए जिससे कि लोगों को और खासतौर से दक्षिण भारत में आने जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके. जहानाबाद से नई दिल्ली के लिए ट्रेन की सुविधा हेतु आनंद विहार एक्सप्रेस,गरीब रथ का विस्तार जहानाबाद तक किया जाए,जिससे कि जहानाबाद को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ा जा सके. पटना सिकंदराबाद स्पेशल ट्रेन को भाया गया किये जाने की मांग की है,जिससे कि लोगों को सिकंदराबाद तक आने जाने में सुविधा मिल सके. साथ ही जहानाबाद में प्रस्तावित पटना -टाटानगर बंदे भारत एक्सप्रेस का टहराव जहानाबाद में किए जाने की मांग की है.
सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव के पहल पर बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जहानाबाद को रेलवे के माध्यम से राष्ट्रीय मानचित्र पर लाये जाने और बिहटा औरंगाबाद रेलखंड के निर्माण के लिए सरकार पर दबाव बनाने की दिशा में सदन से लेकर सड़क तक आवाज बुलंद करने को एक सार्थक एवं जनहित में उठाया गया एक बेहतर कदम बताया.