BIHAR NEWS : बिहार के हर जिले में 100 सीट वाला छात्रावास, पिछड़ा व अत्यंत पिछड़ा वर्ग के छात्रों को मिल रही विश्वस्तरीय सुविधा

Edited By:  |
bihar news

पटना :मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार लगातार राज्य में बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए सुविधा विस्तार कर रही है. इसी कड़ी में शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण व्यवस्था को बहाल किया गया है. जिसमें राज्य में पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग श्रेणी में आने वाले विद्यार्थियों के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना के तहत निः शुल्क छात्रावास संचालित है. हर जिले में 100 सीट वाले छात्रावास का निर्माण किया गया है. ताकि अब इस योजना के तहत पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए उनके ही जिले में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध हो. विभागीय अधिकारियों ने कहा कि इन संचालित छात्रवासों में छात्र/छात्राओं के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्था उपलब्ध है.

1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रतिमाह मिलेगा अनुदान,15 किलो अनाज मुफ्त

वहीं जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना के अंर्तगत लाभार्थियों को प्रतिमाह 2000 रुपये का अनुदान भी मिल रहा है. ताकि छात्रों को पढ़ाई में पूरा सहयोग मिल सके. विभागीय अधिकारियों ने यह भी बताया कि छात्र/छात्राओं के स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखते हुए हर महीने 15 किलो अनाज मुफ्त भी दिया जा रहा है. इसके साथ ही आवासित छात्र/छात्राओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कॉट, मेट्रेस, पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन केन्द्र, इंटरनेट की सुविधा आदि उपलब्ध कराई जाती है. प्रदेश में लगातार प्रगति के लिए कार्य कर रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार सभी वर्गों के समांतर विकास के लिए प्रयासरत है. बिहार में इन्हीं सब प्रयासों के कारण निरंतर साक्षरता दर में तेजी से विकास दर्ज किया जा रहा है.