Hindi News / बिहार में पहली बार राष्ट्रीय नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव का आगाज

BIHAR NEWS : बिहार में पहली बार राष्ट्रीय नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव का आगाज

Edited By:  |
bihar news

पटना : राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉनक्लेव, 2026का शुभारंभ शनिवार को शहर के ज्ञान भवन में किया गया. यह कॉन्क्लेव23मार्च तक चलेगा. कृषि विभाग का उद्यान निदेशालय बागवानी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से सशक्त करने के लिए इसे आयोजित कर रहा है.“परंपरा से प्रगति तक”थीम पर आधारित यह कॉनक्लेव बागवानी के क्षेत्र में बिहार का पहला राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है. इसके उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि आज बिहार के किसान खुशहाल हो चुके हैं,उनकी आय बढ़ रही है.

किसान खेती के साथ ही पशुपालन और बागवानी करते हैं तो उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होती है. इस तरह के आयोजन से राज्य में बागवानी क्षेत्र का विकास होगा और किसानों की आय बढ़ेगी. बागवानी में किसानों और युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा कि बिहार के कृषि उत्पाद आज राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. कृषि-बागवानी,पशुपालन-मत्स्य पालन का विकास होने से राज्य के लोगों को अब उनके गांव में ही रोजगार मिल रहा है.

कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नर्सरी और ग्रीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बिहार बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है. खेती के क्षेत्र में मशीन और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ गया है. अब बागवानी से किसानों को अच्छी आय मिल रही है. गांव में ही अब रोजगार का बेहतर अवसर मिल रहा है. कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में नवाचार बढ़ रहा है. आज खेती और बागवानी में रोजगार के काफी नए अवसर मिल रहे हैं,किसान एवं युवा इसका लाभ उठाएं.

बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता ने कहा कि बिहार कृषि प्रधान राज्य है. हमारे यहां परंपरागत खेती होती रही है,लेकिन आज के दौर में तकनीक से कृषि एवं बागवानी का तेजी से विकास हो रहा है.

कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि यह पहली बार है जब बिहार की धरती पर इस तरह का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम से कृषि,बागवानी और तकनीक के साथ समन्वय स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. इससे किसानों को बागवानी की आधुनिक तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी.

पूर्व मुख्य सचिव और बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मैं नर्सरी क्षेत्र से जुड़ा हूं. आज बागवानी के क्षेत्र में काफी तरक्की हो चुकी है. इस तीन दिवसीय नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉनक्लेव के जरिए बिहार के किसानों को बागवानी की आधुनिक तकनीक से रूबरू होने का मौका मिलेगा.

इस मौके पर उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार ने बताया कि इस कॉनक्लेव में देश के प्रमुख नर्सरी संचालक,ग्रोवर,कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक,उद्यान महाविद्यालयों के विशेषज्ञ तथा बिहार के किसान एवं व्यवसायी एक मंच पर एकत्रित होकर बागवानी के क्षेत्र में किए गए नवाचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे.