Hindi News / गन्ना उद्योग को नई रफ्तार देने की तैयारी, बंद चीनी मिलों के पुनर्जीवन...

BIHAR NEWS : गन्ना उद्योग को नई रफ्तार देने की तैयारी, बंद चीनी मिलों के पुनर्जीवन और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

Edited By:  |
bihar news

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य में गन्ना उत्पादन,किसान समृद्धि और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में बिहार गन्ना उद्योग प्रोत्साहन नीति-2026पर विस्तार से चर्चा की गई और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

मुख्यमंत्री ने राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनर्जीवन की दिशा में तेजी से काम करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए नई चीनी मिलों की स्थापना तथा निजी निवेश को प्रोत्साहित करना आवश्यक है. इसके लिए निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने के निर्देश भी दिए गए.

बैठक में विशेष रूप से पश्चिम और पूर्वी चंपारण को देश के प्रमुख गन्ना उत्पादन क्षेत्रों के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक,बेहतर बीज और समय पर भुगतान जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके.

सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गन्ना आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विभाग को परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि और औद्योगिक विकास सरकार की प्राथमिकता है.

बैठक में गन्ना उत्पादन बढ़ाने,चीनी उद्योग को सशक्त बनाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--