BIHAR NEWS : पंचायत स्तर पर बढ़ाएं जागरूकता, श्रमिकों का करें प्राथमिकता से पंजीकरण - मंत्री संजय सिंह (टाइगर)
पटना :बिहार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री संजय सिंह (टाइगर) के द्वारा शुक्रवार को नियोजन भवन,पटना स्थित प्रतिबिंब सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में उन्होंने श्रमिक कल्याण,प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा,समेत अन्य विभागीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की. उक्त अवसर पर विभाग के विशेष सचिव,उपेन्द्र प्रसाद,श्रमायुक्त बिहार,राजेश भारती,संयुक्त सचिव,राजीव रंजन सिंह,मंत्री के आप्त सचिव विमल कुमार सिंह के साथ विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
सेस वसूली में लापरवाही पर कार्रवाई,पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक हर हाल में पहुंचाया जाए. बैठक में विशेष रूप से बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया,ताकि दुर्घटना की स्थिति में प्रवासी श्रमिकों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके. मंत्री ने बिहार भवन सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत निर्धारित सेस की वसूली को लेकर भी सख्त रुख अपनाया. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन नियोजकों द्वारा समय पर सेस का भुगतान नहीं किया गया है,उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही,यह भी कहा गया कि सेस की नियमित वसूली से ही श्रमिक कल्याण योजनाओं का दायरा मजबूत होगा.
दुर्घटना अनुदान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस
बैठक में श्रमिकों के पंजीयन (निबंधन) पर विशेष बल दिया गया. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए,ताकि अधिक से अधिक मजदूर बोर्ड से जुड़ सकें और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया जाए. मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की समुचित जानकारी हर हाल में उपलब्ध कराई जाए. इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाने और स्थानीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए. उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई भी श्रमिक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए.
इसके अलावा,क्षेत्र भ्रमण कर प्रवासी श्रमिकों का डाटा बेस तैयार करने और विभिन्न राज्यों के साथ एमओयू करके श्रमिकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने की दिशा में पहल करने को कहा गया. मंत्री ने श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग का टोल फ्री नंबर जल्द से जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए.