BIHAR NEWS : 20 वर्षों में कॉम्फेड की दूध संग्रहण क्षमता 5 गुना और प्रसंस्करण क्षमता करीब 8 गुना हुई
पटना : डेयरी एवं मत्स्य संसाधन विभाग की इकाई कॉम्फेड अपने ब्रांड सुधा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. इसी कड़ी में कॉम्फेड ने अपने दूध संग्रहण और प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ा ली है.
विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार कॉम्फेड ने वित्तीय वर्ष2024-25में पशुपालकों से रोजाना22लाख52हजार किलोग्राम दूध का संग्रहण किया है. वहीं इसने अब अपनी रोजाना दूध प्रसंस्करण की क्षमता को बढ़ाकर48लाख55हजार कर लिया है.
20वर्षों में कॉम्फेड की बड़ी छलांग
20वर्षो के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष2004-05में दुग्ध संग्रहण जहां मात्र4.88लाख किलोग्राम प्रतिदिन था,वह वर्ष2024-25में बढ़कर22.52लाख किलोग्राम प्रतिदिन हो गया है. इस तरह से दुध संग्रहण में करीब5गुना की वृद्धि हुई है. यह वृद्धि लगभग8.5प्रतिशत की यौगिक वार्षिक वृद्धि दर से हुई है,जो कि सराहनीय है.
वहीं इस अवधि में कॉम्फेड ने तेजी से अपनी दूध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाई है. वर्ष 2006-07 में राज्य में दूध प्रसंस्करण क्षमता 6.30 लाख लीटर प्रतिदिन थी, जो कि वर्ष 2023-24 में ही बढ़कर 48.55 लाख लीटर प्रतिदिन हो गई थी. इस तरह कॉम्फेड दूध प्रसंस्करण की क्षमता को बढ़ाकर करीब 8 गुना कर चुका है. आज यह रोजाना जितने दूध का संग्रहण करता है उससे करीब दोगुना अधिक दूध प्रसंस्करण करने की क्षमता रखता है.