Hindi News / बिहार कृषि ऐप पर अब मिलेगी उर्वरक की रियल टाइम जानकारी – मंत्री...

BIHAR NEWS : बिहार कृषि ऐप पर अब मिलेगी उर्वरक की रियल टाइम जानकारी – मंत्री राम कृपाल यादव

Edited By:  |
bihar news

पटना : किसानों को बिहार कृषि मोबाइल ऐप पर रियल टाइम उर्वरक उपलब्धता की जानकारी मिलेगी. शुक्रवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने इसका शुभारंभ किया है. ऐसा माना जा रहा है कि इससे उर्वरक उपलब्धता में जहां एक ओर किसानों को बेहतर सुविधा मिलेगी वहीं दूसरी ओर पार्दर्शिता भी बढ़ेगी.

उद्घाटन के अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. किसानों को उर्वरक उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बिहार कृषि मोबाइल ऐप में यह नई सुविधा जोड़ी गई है. किसान इस ऐप का उपयोग कर अपने आसपास के उर्वरक दुकानों में उपलब्ध यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की वास्तविक जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकानों में उर्वरक उपलब्ध रहने के बावजूद किसानों को "स्टॉक नहीं है" कहकर लौटा दिया जाता था. यह स्थिति किसानों के कष्टकारी थी, जिसे समाप्त करने के लिए यह पहल की गई है. अब कोई भी दुकानदार किसानों को गुमराह नहीं कर पाएगा और दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों का पूरा विवरण सार्वजनिक रहेगा.

इस व्यवस्था से कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली पर प्रभावी रोक लगेगी तथा उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी. यह पहल तकनीक के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. राज्य सरकार किसानों के सम्मान, सुविधा और समृद्धि के लिए लगातार नई पहल कर रही है और आगे भी किसानों के हित में ऐसे कदम उठाती रहेगी. हमारा संकल्प किसान को बिना किसी परेशानी के ससमय उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना है.

मंत्री ने बताया कि मेरी जानकारी के अनुसार इस प्रकार की सुविधा भारत के किसी अन्य राज्य में अभी तक उपलब्ध नहीं है और इस दिशा में बिहार पहला राज्य बन गया है. वर्तमान में राज्य के करीब9लाख35हजार किसान बिहार कृषि ऐप का उपयोग कर कृषि विभाग की योजनाओं,मौसम संबंधित जानकारी,फसल सुरक्षा,फसलों के बाजार भाव सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां घर बैठे प्राप्त कर रहे हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--