Hindi News / खराब गुणवत्ता वाले बीज बेचने वाली कंपनियों पर होगी सख्त कार्रवाई - मंत्री...

BIHAR NEWS : खराब गुणवत्ता वाले बीज बेचने वाली कंपनियों पर होगी सख्त कार्रवाई - मंत्री विजय सिन्हा

Edited By:  |
bihar news

पटना : बाजार में बेचे जा रहे बीज यदि तय मानकों के मुताबिक नहीं मिलते हैं तो संबंधित बीज कंपनियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी. सरकार की कोशिश है कि किसानों के हितों की रक्षा हो सके और उन्हें गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जा सके. ये बातें कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में बीज विश्लेषण तथा राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही.

समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए. उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा इनके संचालन एवं सुदृढ़ीकरण की योजना प्रक्रियाधीन है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी जानकारी मांगी कि राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना किस वित्तीय वर्ष में प्रारंभ की गई थी तथा इसके विस्तार की वर्तमान स्थिति क्या है.

विजय सिन्हा ने पिछले तीन वर्षों के दौरान मानकों पर खड़े नहीं उतरने वाले बीजों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष बाजार में ऐसे बीजों की शिकायतें प्राप्त होती हैं. इस तरह के मामलों में संबंधित बीज कंपनियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई,इसकी पूरी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराई जाए.

बैठक में राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई. कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि मौसम एवं समय के अनुरूप आधार बीज उत्पादन के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं. साथ ही आधार बीज से प्रमाणित बीज उत्पादन की श्रृंखला को बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ किया जाए, जिससे किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध हो सके. उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त बीज कृषि उत्पादन बढ़ाने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और राज्य सरकार किसानों को बेहतर बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.