BIHAR NEWS : पटना HC में एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव के लिए बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर के नाम का नहीं हो सका फैसला
Patna : पटना हाईकोर्ट के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ एडवोकेट एसोसिएशन में होने वाले चुनाव हेतु रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति के लिए जेनरल बॉडी की बैठक काफी हंगामेदार,लेकिन अधूरी रही.
इस बैठक की शुरुआत करते हुए अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने पहले अपने कार्यकाल में की गई उपलब्धियों की चर्चा की. इसका विरोध अधिवक्ताओं ने की,जिसमें डॉ. कुमार अमितेश,प्रवीण कुमार पाण्डेय प्रमुख थे.
रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति के लिए जैसे ही जेनरल बॉडी में उपस्थित अधिवक्ताओं ने रिटर्निंग ऑफिसर के लिए अधिवक्ता द्विवेदी सुरेन्द्र और अधिवक्ता दिवाकर यादव के नाम का प्रस्ताव रखा,अध्यक्ष,सचिव के साथ जेनरल बॉडी की मीटिंग बीच में ही छोड़ कर चले गए.
अध्यक्ष और सचिव के जनरल बॉडी की मीटिंग से चले जाने के बाद एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव के लिए
रिटर्निंग ऑफिसर के नाम का फैसला नहीं हो सका.
जेनरल बॉडी मीटिंग में उपस्थित आम सदस्यों के अनुरोध पर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा द्वारा जेनरल बॉडी की मीटिंग को संबोधित किया गया,जिसमें उपस्थित विरोधी पक्ष के सदस्यों की सहमति से अधिवक्ता द्विवेदी सुरेन्द्र का नाम सर्वसहमति से रिटर्निंग ऑफिसर के लिए अनुमोदित किया गया.
अध्यक्ष और सचिव के जनरल बॉडी की मीटिंग बीच में छोड़ कर चले जाने के बाद उपस्थित सदस्यों ने यह निर्णय लिया कि बार काउंसिल को उनके द्वारा यह अनुरोध किया जाएगा कि वह अपने स्तर से एडवोकेट एसोसिएशन के रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति करे,ताकि निष्पक्ष चुनाव हो सके.
जनरल बॉडी की बैठक अधिवक्ता प्रेम पासवान, रणविजय सिंह यादव, राम संदेश राय, नागेंद्र दूबे, राजेश पाठक, सुनील सिंह, उमेश नारायण दुबे, वरीय अधिवक्ता शिवेंद्र किशोर, जगरनाथ सिंह, छाया मिश्रा समेत सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे.