BIHAR NEWS : आशा कर्मियों का 1 मई से प्रस्तावित 10 दिवसीय कार्य बहिष्कार एक महीने तक टालने की घोषणा- आशा कार्यकर्ता संघ
पटना : पिछले 8 माह (अगस्त 2025) से आशा कार्यकर्ता एवं फैसिलिटेटर के समस्त बकाया भुगतान,आशाओं की सेवानिवृति उम्र 65 वर्ष करने,रिटायर्मेंट पैकेज एवं पेंशन देने जैसी मांगों के लिए ऐक्टू एवं कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) से जुड़े बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ द्वारा 01 मई से 10 मई तक घोषित दस दिवसीय कार्य बहिष्कार आंदोलन को अगले एक माह के लिए टालने की घोषणा संघ अध्यक्ष सह एमएलसी शशि यादव एवं ऐक्टू नेता रणविजय कुमार ने किया है.
द्वय नेताओं ने संवाददाताओं को शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कार्य वहिष्कार आंदोलन को देखते हुए स्वास्थ्य समिति निदेशक अमित कुमार पांडे, (भाप्रसे) द्वारा आशाओं से जुड़ी संघ द्वारा प्रस्तुत 3 सूत्री मांगों पर बीते शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में संघ नेताओं की वार्ता आयोजित किया.
वार्ता में निदेशक द्वारा आशाओं को 8 माह का बकाया भुगतान 25 मई तक करने,सेवानिवृत्ति उम्र 65 वर्ष करने तथा रिटायर्मेंट पैकेज एवं पेंशन के लिए सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजने और सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर मांगें पूरा कराने के दिए गए सकारात्मक आश्वासन दिया गया.
संघ अध्यक्ष सह एमएलसी शशि यादव ने बताया कि वार्ता में बनी सहमति के बाद पटना में मौजूद संघ नेताओं तथा कॉल कॉन्फ्रेंस द्वारा राज्य के प्रमुख नेताओं के बीच बनी आम सहमति के बाद आगामी 01 मई से प्रस्तावित 10 दिवसीय अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक महीने के लिए टालने का निर्णय किया गया. उन्होंने बताया कि बातचीत में यह निर्णय लिया गया कि अगर 30 मई तक आशाओं का समस्त बकाया का भुगतान एवं अन्य मांगों की पूर्ति की दिशा में ठोस कार्रवाई का आश्वासन अनुरूप नहीं किया गया तो पूरे बिहार की आशा 01 जून से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेगी.
ऐक्टू सचिव रणविजय कुमार ने बताया कि हुई बैठक से 01 मई को मजदूर दिवस को जोर शोर से मनाने का निर्णय किया गया. उन्होंने बताया कि मजदूर दिवस के दिन सभी आशा कर्मी पीएचसी पर इकट्ठा होकर अपनी 3 सूत्री मांगों के समर्थन में तथा नोएडा के गिरफ्तार 500 से अधिक मजदूरों तथा ट्रेड यूनियन नेताओं की रिहाई एवं वेतन वृद्धि जैसी उनकी अन्य मांगों के समर्थन में नारेबाजी करेगी.
वार्ता करने वालों में बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ की ओर से अध्यक्ष सह एमएलसी शशि यादव,ऐक्टू राष्ट्रीय सचिव रणविजय कुमार,संघ महासचिव विद्यावती पाण्डेय,राज्य सचिव कविता कुमारी,कोषाध्यक्ष कविता कुमारी (खगड़िया),मुजफ्फरपुर से साधना तिवारी,पटना से नीरज तथा स्वास्थ्य समिति की ओर से निदेशक अमित कुमार पांडे (भाप्रसे),आशा कॉर्डिनेटर प्रणय कुमार,योजना प्रमुख डॉ. सविता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--