BIHAR NEWS : हड़ताली राजस्व कर्मचारियों पर सख्त रुख, विजय सिन्हा की चेतावनी, कहा- नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
पटना: बिहार में राजस्व विभाग के कर्मचारी और अधिकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर डटे हुए हैं. इस बीच उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हाने सख्त रुख अपनाते हुए हड़ताली कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय सिन्हा ने बताया कि सरकार इस पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रही है. उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव और विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों से कई बार बातचीत भी की है और उन्हें काम पर लौटने का आग्रह किया गया है.
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि उनकी जायज मांगों पर नियमों के तहत विचार किया जाएगा. इसके बावजूद कर्मचारी हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हैं,जो अनुशासनहीनता को दर्शाता है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस भ्रम में हैं कि राज्य में सरकार बदलने वाली है,लेकिन यह पूरी तरह गलत है.
विजय सिन्हा ने दो टूक कहा कि“सरकार पहले भी थी,आज भी है और आगे भी रहेगी.”उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी कर्मचारी नियमों के खिलाफ काम कर रहे हैं या व्यवस्था में बाधा डाल रहे हैं,उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 4 अप्रैल को मुंगेर में भूमि सुधार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य राज्य को भूमि विवाद से मुक्त करना है और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है.
सरकार के इस कड़े रुख के बाद अब देखना होगा कि हड़ताली कर्मचारी अपना फैसला बदलते हैं या फिर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--