BIHAR NEWS : अब बिचौलिया नहीं! डीबीटी के माध्यम से गन्ना किसानों को अनुदान सीधे बैंक खाते में

Edited By:  |
bihar news

पटना: मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत यंत्र खरीदने वाले गन्ना किसानों को डीबीटी के माध्यम से अनुदान की राशि भुगतान की जाएगी. इसके लिए गन्ना उद्योग विभाग ने चयनित गन्ना किसानों को पूर्ण राशि भुगतान कर यंत्र खरीदने का निर्देश दिया है.

यंत्र खरीदने के लिए 50 से 60 फीसदी तक अनुदान

विदित हो कि बिहार में गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के आदेश पर गन्ना उद्योग विभाग ने कई योजनाएं शुरू की है,जिसमें मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना भी शामिल है. इस योजना के माध्यम से विभाग गन्ना किसानों को यंत्र खरीदने के लिए 50 से 60 फीसदी तक अनुदान देता है. ताकि गन्ना किसान खेत की तैयारी से लेकर फसल की कटाई में उपयोग होने वाले यंत्रों की खरीद कर सकें. गन्ना उद्योग विभाग किसानों से अनुदानित दर पर यंत्र खरीदने के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अपील की थी. बताया जाता है कि राज्य के अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ देने के लिए कई बार आवेदन करने की तिथि का विस्तारित किया गया था. विभाग के मुताबिक राज्य के 324 किसानों को यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किए गए थे. इसके साथ ही विभाग ने गन्ना किसानों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि स्वीकृति पत्र प्राप्त चयनित किसान सुमेक पोर्टल (https://sugarcanemech.bihar.gov.in)पर सूचीबद्ध विक्रेताओं को पूर्ण देय राशि का भुगतान कर यंत्र खरीद सकते हैं. यंत्र का सत्यापन पूर्ण होने के बाद अनुदान राशि का भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से संबंधित किसान के बैंक खाते में किया जाएगा.

गन्ना उद्योग विभाग के माध्यम से यंत्रीकरण योजना के तहत खेत की तैयारी से लेकर गन्ने की कटाई में प्रयोग होने वाले डिस्क हैरो,पावर वीडर,पावर टीलर,लैंड लेवलर,लेजर लेवलर,रैटून मैनेजमेंट डिवाइस,रोटावेटर,मिनी ट्रैक्टर (4डब्लूडी),ट्रैक्टर माउंटेड हाइड्रॉलिक स्प्रेयर,शुगरकेन कटर प्लांटर एवं हाइड्रॉलिक डिस्क हैरो आदि यंत्रों की खरीद पर 50 से 60 फीसदी का अनुदान दिया जाता है,ताकि किसान अनुदानित दर पर इन आधुनिक यंत्रों की खरीद कर गन्ने की खेती बेहतर तरीके से कर सकें.