BIHAR NEWS : राजाराम मोहन राय की जयंती पर मंत्री श्रवण कुमार ने दी श्रद्धांजलि
पटना :देश के महान समाज सुधारक,आधुनिक भारत के जनक,भारतीय नव जागरण के प्रखर पुरोधा एवं शिक्षाविद राजा राममोहन राय की जयंती के मौके पर शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि समाज में व्याप्त सतीप्रथा,अंधविश्वास समेत अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर राजा राममोहन ने भारतीय समाज को नई दिशा प्रदान की.
मंत्री ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा,समानता और सामाजिक न्याय के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. इसी तरह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी समाज सुधार के प्रयासों को अपने शासनकाल में प्राथमिकता बनाते हुए शराबबंदी कानून लागू किया. साथ ही दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराईयों के खिलाफ राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चलाकर समाज को नई दिशा देने का काम किया. महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए नीतीश कुमार ने ही पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देकर देश में मिसाल पेश कर दी. छात्राओं के लिए साइकिल एवं पोशाक योजना चलाने के अलावा शिक्षा एवं रोजगार में महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाना भी राजा राममोहन राय के महिला सम्मान और समान अधिकार के सिद्धांत से प्रेरित दिखाई देता है.
सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय ने समाज सुधार की जो नींव रखी थी,उस पर इमारत बनाने का कार्य नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में किया. इसे सदैव याद रखा जाएगा.