BIHAR NEWS : पटना में बनेगा बिहार का पहला गैस आधारित शवदाह गृह, दीघा घाट पर होगा निर्माण
पटना :राजधानी पटना में अंत्येष्टि सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित,स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए प्रतिबद्ध पटना नगर निगम द्वारा अपने गहन अनुश्रवण में दीघा पर आधुनिक एलपीजी (LPG)आधारित शवदाह गृह का निर्माण कराया जाएगा. शनिवार को निगम मुख्यालय स्थित सभागार में महापौर सीता साहू एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा की गरिमामयी उपस्थिति में पटना नगर निगम एवं ईशा फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था ईशा आउटरीच के बीच इस परियोजना को लेकर कॉन्ट्रैक्ट एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए.
पटना नगर निगम की ओर से नगर अभियंता बिन्दू रजक तथा ईशा आउटरीच की ओर से कायांत स्थानम के प्रमुख युवराजन ए ने समझौते पर हस्ताक्षर किए. इस अवसर पर ईशा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित शवदाह गृह की संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण भी दी गई.
एलपीजी आधारित शवदाह गृह वर्तमान समय की आवश्यकता : महापौर
इस अवसर पर महापौर सीता साहू ने कहा कि एलपीजी आधारित शवदाह गृह आज के समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा, “इस परियोजना के अंतर्गत पारंपरिक अंतिम संस्कार की प्रारंभिक विधियों के बाद एलपीजी आधारित दाह प्रक्रिया अपनाई जाएगी. साथ ही,पारंपरिक रीति-रिवाजों को ध्यान में रखते हुए सीमित मात्रा में लकड़ी का भी उपयोग किया जाएगा,जिससे अंत्येष्टि की प्रक्रिया धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं के अनुरूप पूरी हो सकेगी.
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से दाह संस्कार में लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम होगी. साथ ही,लोगों को अधिक स्वच्छ,सम्मानजनक और व्यवस्थित अंत्येष्टि की सुविधा प्राप्त होगी.
परियोजना से अधिक व्यवस्थित होगी अंत्येष्टि प्रक्रिया,परिजनों को होगी सहूलियत : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि समझौते के अनुसार ईशा आउटरीच द्वारा दीघा घाट पर एलपीजी आधारित आधुनिक शवदाह गृह का डिजाइन,निर्माण,संचालन और रखरखाव किया जाएगा. बिहार सरकार द्वारा इस परियोजना के लिए 2.11 एकड़ भूमि 33 वर्षों की अवधि के लिए मात्र 1 रुपये के सांकेतिक मूल्य पर लीज पर उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत चार एलपीजी फर्नेस,प्रतीक्षालय,प्रशासनिक भवन,आवश्यक उपयोगिता सुविधाएं,मंदिर तथा आकर्षक लैंडस्केपिंग की जाएगी. इससे न केवल अंत्येष्टि प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी,बल्कि परिजनों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
वर्तमान में पटना नगर निगम क्षेत्रांतर्गत बांस घाट पर तीन,गुलबी घाट पर तीन एवं खाजेकलां घाट पर एक विद्युत शवदाह गृह संचालित हैं.
कार्यक्रम में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य पार्षद अनीता देवी एवं पार्षद मनोज कुमार समेत अन्य पार्षद प्रतिनिधिगण,अपर नगर आयुक्त कृष्ण स्वरूप एवं अपर नगर आयुक्त राजन सिन्हा. वहीं,ईशा आउटरीच की ओर से कायांत स्थानम की कॉर्डिनेटर मां गुरुदासी तथा पैनल के सदस्य नवनीत रंजन उपस्थित रहे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--