BIHAR NEWS : 8वें पोषण पखवाड़ा को लेकर समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
पटना: समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी की अध्यक्षता में बुधवार को 8वें पोषण पखवाड़ा (09 से 23 अप्रैल 2026) के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों एवं डेवलपमेंट पार्टनर्स के साथ बैठक आयोजित की गई.
बैठक में पखवाड़ा के उद्देश्यों,गतिविधियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. यह बताया गया कि इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य माताओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में समग्र सुधार लाना है,विशेष रूप से जीवन के पहले 6 वर्षों में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा.
इस वर्ष की थीम के अंतर्गत मस्तिष्क के समुचित विकास हेतु प्रारंभिक वर्षों में खेलकूद आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना,बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने के लिए माता-पिता एवं समुदाय की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने के लिए सामुदायिक सहयोग प्राप्त करना प्रमुख बिंदु हैं. इसके साथ ही स्तनपान,पूरक पोषण (ऊपरी आहार) एवं पोषण व्यवहार में सुधार से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए.
सचिव महोदया ने पूर्व में राज्य के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बताया कि बिहार ने पोषण माह में देश में प्रथम स्थान तथा पोषण पखवाड़ा में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया था. उन्होंने निर्देश दिया कि इस वर्ष बेहतर समन्वय एवं नवाचार के माध्यम से इन उपलब्धियों को और आगे बढ़ाया जाए.
उन्होंने कहा कि पोषण पखवाड़ा से संबंधित सभी विभागों की समन्वित एवं सक्रिय भूमिका इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जमीनी स्तर तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.
सचिव महोदया ने आंगनबाड़ी सेविकाओं के संवेदनशील एवं प्रशिक्षित होने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.
उन्होंने यह भी कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानीय स्तर पर सभी गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनाया जाए. साथ ही,इस अभियान में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परिवार एवं समुदाय के सहयोग के बिना पोषण संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति संभव नहीं है.
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी एवं डेवलपमेंट पार्टनर्स उपस्थित रहे,जिन्होंने पखवाड़ा के सफल आयोजन हेतु अपने सुझाव दिए.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--