BIHAR NEWS : स्वतंत्रता दिवस पर महाबोधि मंदिर हाई अलर्ट पर, 300 से ज्यादा जवान तैनात
बोधगया: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बोधगया स्थित विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है. मंदिर और आसपास के इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है.

महाबोधि मंदिर की सुरक्षा में 300 से अधिक बीएमपी और बिहार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं. मंदिर में आने-जाने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है.
मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए लगाए गए दो स्कैनिंग गेट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की जांच की जा रही है. इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है,ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं और महाबोधि मंदिर आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट