BIHAR NEWS : मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी बोले-अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने हेतु प्रशासन लगातार कर रहा कार्रवाई
औरंगाबाद : बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है. अवैध बालू खनन और तस्करी पर कार्रवाई को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध बालू ढो रहे वाहनों की फोटो या वीडियो बनाकर विभाग को उपलब्ध कराता है तो उसे इनाम दिया जाएगा. हालांकि, इनाम की राशि बताते समय उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने5हजार रुपये की जगह50हजार रुपये कह दिया.
मंत्री ने कहा कि अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. माइनिंग विभाग के अधिकारी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक इस दिशा में काम कर रहे हैं. ऐसे में आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. उन्होंने लोगों से अपील की है कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टर या अन्य वाहनों को खुद रोकने की कोशिश न करें. ऐसा करना खतरनाक हो सकता है और कानून को अपने हाथ में लेना भी उचित नहीं है. इसके बजाय संबंधित वाहन की फोटो या वीडियो बनाकर विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशासन प्रमाण के आधार पर कार्रवाई कर सके.
प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि बिना सबूत के किसी के खिलाफ कार्रवाई करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि बिना प्रमाण के हम क्या करेंगे, कोई भी सरकार क्या करेगी. कार्रवाई के लिए ठोस साक्ष्य जरूरी है.
मंत्री के बयान का वीडियो सामने आने के बाद 5 हजार और 50 हजार रुपये वाले बयान की चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, बाद में स्पष्ट हुआ कि उनका आशय 5 हजार रुपये के प्रोत्साहन राशि से था. मंत्री ने दोहराया कि अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन और आम जनता दोनों की सहभागिता जरूरी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--