BIHAR NEWS : नीतीश के करीबी पीके शाही ने महाधिवक्ता पद से दिया इस्तीफा
पटना:बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता पी.के. शाही ने रविवार को बिहार सरकार के महाधिवक्ता (Advocate General)पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल तेज हो गई है.
पी.के. शाही लंबे समय से बिहार सरकार की कानूनी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और उन्हें नीतीश कुमार के भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता है. महाधिवक्ता के तौर पर वे सरकार की ओर से पटना हाईकोर्ट में कई महत्वपूर्ण मामलों में पैरवी करते रहे हैं. उनके अचानक इस्तीफे के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है,जिससे तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है.
सूत्रों के अनुसार,सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और जल्द ही नए महाधिवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. प्रशासनिक स्तर पर इसे एक सामान्य बदलाव माना जा रहा है,लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे एक अहम संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है.
पी.के. शाही पहले भी इस पद पर रह चुके हैं और अपने अनुभव तथा प्रशासनिक समझ के कारण उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए दोबारा चुना गया था. वे शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं और नीतीश सरकार के शुरुआती कार्यकाल में भी उन्होंने अहम भूमिकाएँ निभाई थीं.
इस इस्तीफे के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार नया महाधिवक्ता किसे नियुक्त करती है और इसका आगामी कानूनी मामलों पर क्या असर पड़ेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--