BIG NEWS : मुजफ्फरपुर पुलिस ने नीट परीक्षा का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को दबोचा
मुजफ्फरपुर: बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से है जहां पुलिस ने नीट परीक्षा से जुड़े फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर टेलीग्राम के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले बीते माह गुप्त सूचना के आधार पर सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बलूघाट स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मनीष कुमार को चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इस मामले में सिकंदरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी.
इसी क्रम में शनिवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्ष कुमार,अमन कुमार,कन्हैया कुमार उर्फ मानव और हर्ष कनोडिया को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है. मामले की जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरोह के चार सदस्यों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-





