BIHAR NEWS : बिहार के सभी विश्वविद्यालयों में शुरु होंगे AI , डेटा साइंस और BBA जैसे 7 नए कोर्स
पटना:बिहार के छात्रों के लिए बड़ी राहत और रोजगारोन्मुख शिक्षा की दिशा में एक अहम पहल होने जा रही है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020के तहत राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में सात से अधिक नए व्यावसायिक एवं आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. इन पाठ्यक्रमों का प्रारूप राज्यपाल एवं कुलाधिपति सैयद अता हसनैन के निर्देश पर विशेषज्ञ समिति तैयार कर रही है.
प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में बैचलर ऑफ साइंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI),बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA),डेटा साइंस एंड बिजनेस स्टडीज,डिजिटल साइंस एंड बिजनेस मैनेजमेंट,इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (IPM),आईटी एंड मैनेजमेंट स्टडीज तथा मिश्रित मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BMBA)जैसे रोजगार आधारित कोर्स शामिल हैं.
राज्यपाल ने निर्देश दिया है कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों,अंगीभूत और संबद्ध महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को समान रूप से लागू किया जाए. साथ ही सभी संस्थानों में शिक्षण शुल्क की एकरूपता सुनिश्चित करने और आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने पर भी जोर दिया गया है.
इन पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक,प्रबंधन और डिजिटल कौशल की बेहतर शिक्षा मिल सके. पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप और व्यावहारिक प्रशिक्षण को भी पाठ्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा.
इसके अलावा योग्य शिक्षकों,उद्योग विशेषज्ञों और अनुभवी पेशेवरों को भी शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. माना जा रहा है कि इन नए पाठ्यक्रमों के शुरू होने से बिहार के छात्रों को राज्य में ही आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-