Hindi News / 3 दिन में TRE-4 का विज्ञापन जारी हो, नहीं तो फिर होगा महा...

BIHAR NEWS : 3 दिन में TRE-4 का विज्ञापन जारी हो, नहीं तो फिर होगा महा आंदोलन-- छात्र नेता दिलीप कुमार

Edited By:  |
bihar news

पटना : बीपीएससी टीआरई-4 की वैकेंसी नहीं आने से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने शनिवार को राजधानी पटना के वीरचंद पटेल पथ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री के द्वारा कहा गया कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी. चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी कहा गया कि टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा. बीपीएससी ने फरवरी द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा. लेकिन 45 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया है.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया. विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि 18 मार्च के आंदोलन के दौरान छात्र प्रतिनिमंडल से वार्ता में बीपीएससी के अधिकारियों ने कहा था कि अधियाचना को शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया है और 20 मार्च की बैठक के बाद जैसे ही अधियाचना आती है वैसे ही चार दिनों बाद टीआरई 4 का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा और मार्च अंत तक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार टीआरई 4 की वैकेंसी की बात कर रहे थे लेकिन दूसरी तरफ बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद भी विज्ञापन जारी नहीं कर रही है. शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है. एक तरह से तो बीपीएससी द्वारा मुख्यमंत्री जी की छवि को धूमिल किया जा रहा है. मुख्यमंत्री जी का सम्मान करते हुए बीपीएससी को टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करना चाहिए.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि मार्च अंत तक यानी तीन दिनों में टीआरई 4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो पटना में फिर से महा आंदोलन होगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ टीआरई 4 के अभ्यर्थी अंशु, खुशी, नेहा परवीन, बबली, सहबाज आलम, रविरंजन, दीपक, राजेश, शंकर सुमन, और लव कश्यप उपस्थित थे. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि 30 मार्च को बेगुसराय के जीडी कॉलेज में छात्रों की एक बैठक भी होगी.