BIHAR NEWS : बिहार में एलपीजी का पूरा स्टॉक, अफवाहों से बचें - विशेष सचिव उपेंद्र कुमार
पटना : ईरान–इजरायल युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है और इसका प्रभाव बिहार में भी महसूस किया जा रहा है. राज्य के कई जिलों में घरेलू गैस को लेकर लोगों के बीच घबराहट का माहौल बन गया है. कई जगहों पर लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी- लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं. वहीं होटल और रेस्टोरेंट संचालक भी गैस आपूर्ति को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं.
इस स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान स्थिति पर सरकार पूरी तरह नजर बनाए हुए है और राज्य में ऐसा कोई भी घर नहीं होगा जहां चूल्हा बंद होने की स्थिति आए. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं.
विशेष सचिव ने बताया कि घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए भारत सरकार द्वारा पहले से ही एक व्यवस्था लागू की गई है. इसके तहत किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अपने अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग करने की अनुमति है. यह व्यवस्था इसलिए बनाई गई है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध हो सके और वितरण प्रणाली पर अनावश्यक दबाव न पड़े.
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता द्वारा गैस की बुकिंग दर्ज कराने के बाद सामान्यतः 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है. पेट्रोलियम कंपनियों और गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराएं और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा राज्यभर में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है. विभाग के अधिकारी समय-समय पर गैस एजेंसियों से संपर्क कर स्टॉक और वितरण की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं,ताकि किसी भी जिले में गैस की कमी की स्थिति न बनने पाए.
सरकार ने एक बार फिर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें,अफवाहों से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं,जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट---