BIHAR NEWS : बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी की स्थापना दिवस को लेकर की बैठक
पटना : भाजपा अगले महीने स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाने जा रही है. पार्टी के स्थापना दिवस पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बिहार भाजपा द्वारा पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है.
6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बैठक की. इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया,प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा सहित पार्टी के अन्य सम्मानित पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे. वर्चुअल माध्यम से हुए इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिला और मंडल के पदाधिकारी भी जुड़े.
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई. साथ ही स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य,सुव्यवस्थित एवं जनसंपर्क को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत बातचीत हुई.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि देश के कोने-कोने से करोड़ों कार्यकर्ता पार्टी के स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं तथा सेवा भाव और राष्ट्र प्रथम के मूलमंत्र को अपनाते हुए कार्य करने का संकल्प लेते हैं.
इस बार स्थापना दिवस पर गैर राजनीतिक परिवारों के युवाओं को पार्टी से जोड़ने,पार्टी की नीतियों और उसके कार्यों तक उन तक पहुंचाना हम लोगों का मुख्य फोकस होगा. उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिसे लेकर जिला,मंडल से लेकर बूथ स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार पार्टी के स्थापना दिवस पर छह अप्रैल से 12 अप्रैल तक भाजपा स्थापना दिवस को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि पांच से सात अप्रैल को पार्टी पदाधिकारी कार्यालय की सजावट करेंगे,छह अप्रैल को विकास यात्रा होगी. कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे. 6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा. इसके तहत प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्य स्थापना दिवस मनाएंगे.
आठ और नौ अप्रैल को जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न चयनित विषयों जैसे भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी सफलताओं में जन समर्थन पर चर्चा की जाएगी. इसमें वक्ता जिला और प्रदेश के नेता होंगे.
इस दौरान सात से 12 अप्रैल तक गाँव बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा जिसमें सभी पार्षद,पंचायत सदस्यों के ऊपर के जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे. यह कार्यक्रम एक विधानसभा में 50 बड़े गांव में आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान,वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान,गणमान्य लोगों से संपर्क और उनका सम्मान,एनडीए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी.
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए एक टोली बनाई गई है. इस टोली में प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा,पूर्व विधायक पवन जायसवाल,पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा,पूर्व कार्यालय मंत्री सत्यपाल नरोत्तम और अभियान मुख्यालय प्रभारी राजीव रंजन को शामिल किया गया है.
इसके अलावा इन कार्यक्रमों की सफलता के लिए प्रदेश के 13 भागों में क्षेत्रवार कार्यक्रम प्रभारी भी बनाए गए हैं.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट --