BIHAR NEWS : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार के मंत्री समेत अन्य ने की मुलाकात
पटना : ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जन संपर्क विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार समेत अन्य प्रमुख नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की. मंत्री के साथ बिहार विधानसभा में जदयू के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ संजय गांधी, जिला परिषद एवं पंचायती राज समिति के सभापति दुलालचंद्र गोस्वामी, आश्वासन समिति के सभापति पन्ना लाल पटेल और आवास समिति के सभापति नागेंद्र चन्द्रवंशी ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
इस अवसर पर सभी जन प्रतिनिधियों ने विधानसभा की विभिन्न समितियों के सभापति पद का दायित्व सौंपे जाने पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया. सभी नव मनोनीत जन प्रतिनिधियों ने विश्वास दिलाया कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वह्न पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जबाबदेही के साथ निभाउंगा.
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमारजी ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता की सेवा, विकास, कार्यों की निगरानी तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण में विधानसभा के समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने आशा व्यक्त किया कि सभी प्रतिनिधि अपने दायित्वों का निर्वह्न पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ करेंगे.