Hindi News / गांव-गांव क्यों निकली महिलाओं और किशोरियों की रैली? जानिए चार दिन तक क्या...

BIHAR NEWS : गांव-गांव क्यों निकली महिलाओं और किशोरियों की रैली? जानिए चार दिन तक क्या चला अभियान

Edited By:  |
bihar news

पटना : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/ लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की ओर से गांवों में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया गया. 28 मई से शुरू हुए इस चार दिवसीय अभियान में स्वच्छता एवं माहवारी गरिमा से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित की गई. मुख्य रूप से सैनिटरी अपशिष्ट के सुरक्षित पृथक्करण, निपटारा के साथ-साथ किशोरियों एवं महिलाओं के साथ संवाद, स्वच्छता एवं माहवारी गरिमा पर रैलियों का आयोजन हुआ. अभियान के संचालन में लोहिया सवच्छ बिहार अभियान से जुड़े कर्मी, स्वच्छता पर्यवेक्षक, जीविका समूह, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्र की सक्रिय सहभागिता रही.

बता दें कि हर वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी दिवस मनाया जाता है. इसमें महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाने और इससे जुड़े मिथकों, रूढ़ियों को दूर करने के साथ माहवारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं स्वच्छता गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जाता है. राज्य में चलाए गए चार दिवसीय अभियान में ओडीएफ प्लस, माहवारी हितैषी ग्राम पर उन्मुखीकरण कार्यक्रमों के साथ-साथ सैनेटरी अपशिष्ट पृथक्करण, निपटारा आदि को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया.

ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभियान के चौथे दिन माहवारी स्वच्छता को लेकर सामुदायिक जागरुकता रैली निकाली गई जिसमें जीविका दीदियों के साथ-साथ दूसरी महिला और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. बिहार जैसे राज्य में अभियान चलाने का उद्देश्य एक प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर महिला और किशोरियों में जागरुकता लाना,इस विषय पर समाज में खुलकर बातचीत करने के लिए प्रेरित करना और स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी गरिमा को सुरक्षित रखना था. अभियान के संचालन में लोहिया सवच्छ बिहार अभियान से जुड़े कर्मी,स्वच्छता पर्यवेक्षक, जीविका समूह, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्र की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है.