BIHAR NEWS : भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया हैंडलर्स की कार्यशाला आयोजित, संजय सरावगी ने डिजिटल रणनीति को लेकर दिया मार्गदर्शन
पटना : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बिहार के सभी लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों, बिहार विधान परिषद एवं विधानसभा के सदस्यों, बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्षों एवं सदस्यों तथा प्रदेश पदाधिकारियों के सोशल मीडिया हैंडलर्स की महत्वपूर्ण बैठक-सह-कार्यशाला आयोजित की गई.
कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया के विभिन्न आयामों, नैरेटिव निर्माण, डिजिटल इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने तथा प्रभावी कंटेंट स्ट्रैटेजी को लेकर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया.
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया संगठन और जनता के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी माध्यम बन चुका है. ऐसे में पार्टी के सोशल मीडिया हैंडलर्स की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन के कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की जानकारी तथ्यपरक, सरल और प्रभावी तरीके से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए.
उन्होंने सोशल मीडिया पर सकारात्मक एवं तथ्य आधारित नैरेटिव को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि कंटेंट की गुणवत्ता के साथ उसकी प्रस्तुति, पहुंच और प्रभाव भी महत्वपूर्ण है. सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से निरंतर संवाद स्थापित करने और बदलते डिजिटल ट्रेंड के अनुरूप रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है.
कार्यशाला को दो सत्रों में विभाजित किया गया. बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी देवेश कुमार ने सोशल मीडिया के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने संगठन के विचार, जनसेवा और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए आवश्यक रणनीति पर प्रकाश डाला.
इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक अनमोल शोभित ने भी संबोधित किया. उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी कंटेंट निर्माण, ऑडियंस रीच और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन को लेकर आवश्यक जानकारी दी. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक शिव नारायण ने किया.
कार्यशाला में सोशल मीडिया हैंडलर्स को बदलते डिजिटल परिदृश्य के अनुरूप कंटेंट की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण, पहुंच और प्रभावी डिजिटल कम्युनिकेशन को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. कार्यशाला का उद्देश्य भाजपा के डिजिटल नेटवर्क को अधिक प्रभावी, समन्वित और सशक्त बनाते हुए जनहित एवं जनसेवा से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना रहा.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-