BIHAR NEWS : बिहार में बकैती, फेकेती और लठैती वाली चल रही है सरकार - राजद
पटना : बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी,प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद एवं अरूण कुमार यादव की उपस्थिति में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, संगठित भ्रष्टाचार, विधि व्यवस्था और आम जनों के ज्वलंत मुद्दे के सवाल पर 09 जून 2026 को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एवं 17 जून को राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर व्यापक एवं प्रभावकारी रूप से धरना दिया जाएगा.
इस अवसर पर मंगनी लाल मंडल ने कहा कि बिहार में कैग की रिपोर्ट में कहा गया है कि 72000 करोड़ रुपये का बिहार सरकार हिसाब नहीं दे रही है. बिहार में जिस तरह से वित्तीय गबन और और वित्तीय अपराध का मामला है उस पर सरकार चुप है. यह जनता का पैसा है लेकिन सरकार उसका हिसाब नहीं दे रही है. आखिर यह गड़बड़ी कैसे हुई. इसके संबंध में जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है,यह जनता का पैसा था आखिर कहां गया यह सरकार में बैठे हुए लोगों को बताना चाहिए. बिहार में गरीबों की संख्या मिटी नहीं बल्कि बढ़ती चली जा रही है, सरकार के वित्तीय प्रबंधन में कमी के कारण आम जनों को जो परेशानी झेलना पड़ रहा है उसके संबंध में सरकार जानकारी नहीं दे रही है. महंगाई बढ़ रही है पेट्रोल -डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसके कारण भाड़ा और माल भाड़ा में वृद्धि हो रही है. बिहार में सबसे अधिक वैट और सरचार्ज लगाए जा रहे हैं, यह अन्याय है. किसानों को जो परेशानी हो रही है उसको देखने के लिए सरकार के पास समय नहीं है. सरकार महंगाई रोकने, भ्रष्टाचार को समाप्त करने, विधि व्यवस्था को ठीक करने और आम जनों के ज्वलंत समस्याओं के निदान के लिए सरकार अपनी ताकत दिखाएं. सरकार लोक कल्याणकारी कार्यों और महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय रोकने की दिशा में अपनी शक्ति दिखाएं. बिहार में चुनाव बाद अबोध और अवयस्क बालिकाओं पर दरिंदगी और अत्याचार की घटनाओं में सर्वाधिक वृद्धि हुई है. सरकार इस तरह की अत्याचार की घटनाओं को रोकने में पूरी तरह से विफल है.
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में विकास का संतुलन ठीक नहीं होने के कारण विकास के कार्य अवरुद्ध हुए और सरकार के स्तर से संतुलित विकास के प्रति गंभीरता नहीं दिख रही है. सरकार क्षेत्रीय और जिला स्तरीय विकास के संतुलन को दूर करने की दिशा में गंभीर नहीं है. बिहार में कितने भूमिहीन और बेघर परिवार है,सरकार उसकी सूची जारी करे. साथ ही केंद्र के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 20 वर्षों में कितने भूमिहीन और भवनहीन परिवार को तीन डिसमिल जमीन दिये गए हैं,उसकी सूची जारी करे. और यह भी बताये कि कितने पर्चाधारी को कब्जा दिलाया गया है और कितने पर्चा धारी की जमीन पर सामंतों ने कब्जा किया है,इसकी सूची भी सरकार जारी करे. गरीबी रेखा के मामले पर सरकार हमेशा झूठे आंकड़े प्रस्तुत करके लोगों को भ्रमित करती है जबकि बिहार में सबसे अधिक गरीबी रेखा से नीचे वाले लोग हैं और उनके लिए सरकार की ओर से कोई योजना और कार्यक्रम नहीं चलाये जा रहे हैं,जिस कारण गरीब और गरीब होते जा रहे हैं. यह है 20 वर्षों की नीतीश और एनडीए सरकार की समृद्धि. नीतीश जी मुख्यमंत्री रहते हुए समृद्धि के नाम पर जो यात्रा किए हैं उसमें अमीरों को और सबल बनाने की कार्य योजना लेकर यात्रा पर जाया करते थे,जबकि गरीबों के लिए सरकार की ओर से कोई भी वैसी योजना नहीं,जिसको सर जमीन पर उतारा गया हो.
मंडल ने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनता दल बिहार में महंगाई,बेरोजगारी,संगठित भ्रष्टाचार,विधि व्यवस्था और आम जनों के ज्वलंत मुद्दे के सवाल पर राज्य भर में पहले चरण में 9 जून को प्रखंड स्तर पर सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा और दूसरे चरण में 17 जून 2026 को राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा और आंदोलन के अगले चरण में धरना,प्रदर्शन के साथ गिरफ्तारी का कार्यक्रम भी व्यापक रूप से किया जाएगा,जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी.
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि देश और राज्य में हिडेन इमरजेंसी जैसे हालात हैं. जो बोलेगा वह गिरफ्तार होगा जो लिखेगा उस पर हमला होगा. बिहार में सरकार अडानी को खुश करने वाली कार्रवाई में लगी हुई है. जिस कारण वैसे लोगों को तंग किया जा रहा है,जो अडानी को चैलेंज कर रहे हैं. पटना में लाखों गरीब परिवार को उजाड़ दिया गया है. इतनी भीषण गर्मी में लोग सड़कों पर रहने के लिए मजबूर हैं,सरकार की मानवीय संवेदना समाप्त हो गई है. जो भी इस तरह के जनविरोधी कार्यो का विरोध करता है उसकी पिटाई की जाती है और उस पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं. बिहार में गरीबों को तंग करने वाली सरकार है.
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन ने कहा कि संगठन और संघर्ष के माध्यम से हम जनता के बीच मुद्दों के आधार पर जाएंगे और धरना,प्रदर्शन के माध्यम से लोगों के बीच सरकार के जन विरोधी कार्यों को उजागर करेंगे.
प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने कहा कि एनडीए सरकार को गरीबों की चिंता नहीं है. कई राज्यों में पेट्रोलियम पदार्थों का सरचार्ज घटा दिया गया है. लेकिन बिहार में सबसे महंगे दामों पर पेट्रोल और डीजल आम लोगों को उपलब्ध करा रही है.
प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा जो जोरदार और असरदार होगा.
उन्होंने सरकार से पूछा कि रिशु किसका शिशु है यह बताया जाए. राष्ट्रीय जनता दल विचारधारा के आधार पर जनहित के मुद्दों पर आंदोलन और संघर्ष का कार्यक्रम चलाती है. बिहार में बकैती,फेकेती और लठैती वाली सरकार चल रही है.
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव मुकुंद सिंह,निर्भय कुमार अंबेडकर,हरेंद्र कुमार कुशवाहा,संजय यादव,पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र विद्यार्थी,उपेंद्र चंद्रवंशी,विमल राय,गणेश कुमार यादव,संजय कुमार सहित अन्य गणमान्य नेतागण उपस्थित थे.