बिहार में ये कैसी शराबबंदी? : छपरा में मद्य निषेध टीम ने बरामद की 1 करोड़ की शराब,तस्कर गिरफ्तार
छपरा: यूपी-बिहार सीमा पर स्थित मांझी के बलिया मोड़ पर रविवार सुबह मांझी थाना पुलिस ने भारी मात्रा में शराब लदे कंटेनर को पकड़ लिया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है. जांच के दौरान कंटेनर में धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई 9 हजार 425 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई है. शराब और बीयर 1हजार 13 अलग अलग कॉर्टन में पैक थी.
मद्य निषेध इकाई पटना टीम ने की कार्रवाई
शराब बरामदगी की सूचना मिलते ही मद्य निषेध इकाई पटना की टीम मौके पर पहुंची. गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र स्थित सोबला गांव निवासी फता राम के पुत्र पुनमा राम के रूप में हुई है.
शराब का जखीरा देखकर राहगीर रहेहैरान
मांझी थाना परिसर में शराब का जखीरा देखकर राहगीर हैरान रह गए. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एएसआई बिनय कुमार यादव और होम गार्ड के जवान विक्की कुमार सिंह और रौशन सिंह द्वारा मांझी पुलिस द्वारा की गई अबतक की यह सबसे बड़ी शराब बरामदगी है. मिली जानकारी के मुताबिक शराब तस्कर पंजाब से शराब की अलग-अलग वैरायटी की शराब लोडकर बिहार में डिलीवरी देने जा रहे थे.
भागने के क्रम में चालक गिरफ्तार
थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि यूपी सीमा से पुलिस को चकमा देकर निकले कंटेनर को संदेह के आधार पर बलिया मोड़ पर रोका गया था. इस दौरान चालक भागने का प्रयास कर रहा था,लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया. मांझी थाना पुलिस द्वारा जब्त विदेशी शराब की कीमत सवा करोड़ के आसपास आंकी जा रही है.