बिहार में EOU का छापा : भवन निर्माण विभाग के इंजीनियर पर शिकंजा,6 ठिकानों पर छापेमारी
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भवन निर्माण विभाग के अभियंता पवन कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में दर्ज मामले के बाद बुधवार को उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई विशेष न्यायालय से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है।
लगभग 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार की अतिरिक्त संपत्ति का खुलासा
आर्थिक अपराध इकाई द्वारा किए गए सत्यापन में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अभियंता पवन कुमार ने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच में लगभग 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार रुपये की अतिरिक्त संपत्ति का खुलासा हुआ है, जो उनकी वैध आय से करीब 103.94 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसके आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया।
नई दिल्ली में भीपवन कुमार के ठिकानों पर छापा
जांच एजेंसी की कई टीमों ने पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली में स्थित कुल 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। इन ठिकानों में आवासीय फ्लैट, कार्यालय और अन्य संपत्तियां शामिल हैं। तलाशी अभियान पुलिस उपाधीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की निगरानी में चलाया जा रहा है।
महत्वपूर्ण तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगीEOU
EOU का कहना है कि तलाशी अभियान के दौरान दस्तावेज, बैंक खातों से संबंधित जानकारी, निवेश और अन्य संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कड़ी माना जा रहा है। मामले पर प्रशासन और जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई तलाशी में मिले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।