Hindi News / हर माह 10 तारीख को मिलेगी पेंशन, 94 लाख लाभार्थियों के खातों में...

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर बड़ा ऐलान : हर माह 10 तारीख को मिलेगी पेंशन, 94 लाख लाभार्थियों के खातों में 1100 करोड़ रुपये हस्तांतरित

Edited By:  |
bihar mai samajik suraksha pension ko lekar bada ailan

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की. नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि नियमित रूप से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब,वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि पूर्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये प्रतिमाह थी,जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया. इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन,सभी विधवाएं तथा दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं.

उन्होंने कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है,लेकिन अभी तक उन्हें पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है,वे शीघ्र आवेदन करें. साथ ही जिन लोगों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं होने के कारण पेंशन रुकी हुई है,वे जल्द आधार लिंक कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. यह राशि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर हस्तांतरित की गई.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह,स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार उपस्थित थे. वहीं समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता,मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास,सभी जिलों के जिलाधिकारी तथा लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-