बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव : 73 हजार विद्यालयों के लिए ‘मेरा विद्यालय,मेरा स्वाभिमान’पोर्टल,146 मॉडल स्कूलों में शुरू होगी फ्री JEE-NEET कोचिंग
पटना: बिहार के सरकारी विद्यालयों को पूर्व छात्रों, आम नागरिकों, NRI, NGO और कॉरपोरेट जगत से जोड़ने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से ‘मेरा विद्यालय, मेरा स्वाभिमान’ नाम से डिजिटल पोर्टल विकसित किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने 9 अगस्त को शिक्षा विभाग के प्रशिक्षण-सह-चिंतन शिविर में इसकी जानकारी दी। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत विभाग के वरीय अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे।
पोर्टल के जरिए राज्य के 73 हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों के पूर्व छात्र अपने स्कूल से जुड़कर ज्ञान,कौशल,समय या संसाधनों के माध्यम से योगदान कर सकेंगे। आम नागरिक भी विद्यालयों के विकास में सहयोग कर पाएंगे। NRI डिजिटल शिक्षा, आधारभूत संरचना और वैश्विक अवसरों से मदद कर सकेंगे, जबकि कंपनियां CSR के जरिए वित्त, संसाधन और विशेषज्ञता उपलब्ध करा सकेंगी।
इस योजना के तहत पूर्व छात्र समूह, संगठन, कॉरपोरेट या NRI किसी सरकारी विद्यालय को 3 वर्ष, 5 वर्ष या आजीवन अवधि के लिए Adopt भी कर सकेंगे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपनी जरूरतों को पोर्टल पर प्रदर्शित करेंगे और उनकी सहमति से सहयोग लिया जाएगा। CSR के मामलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी की मंजूरी जरूरी होगी।
इसके अलावा राज्य के 146 अन्य प्लस टू मॉडल स्कूलों में ऑनलाइन JEE और NEET की मुफ्त संध्याकालीन कोचिंग शुरू की जाएगी। इसके लिए BSEB मुख्यालय में स्टूडियो तैयार किया जा रहा है। स्टूडियो बनने तक एक्सपर्ट शिक्षकों के वीडियो लिंक के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं, 15 अगस्त से राज्य के 688 मॉडल स्कूलों में BSEB E-Learning App के जरिए 24x7 इंटरएक्टिव लर्निंग व्यवस्था शुरू होगी। कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी किसी भी समय शिक्षक से विषय, टॉपिक और अपने डाउट पर लाइव सहायता ले सकेंगे। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क होगी।