Hindi News / सोनपुर के पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर की अवैध संपत्ति जब्त, निगरानी कोर्ट का बड़ा...

BIG NEWS : सोनपुर के पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर की अवैध संपत्ति जब्त, निगरानी कोर्ट का बड़ा आदेश, भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई

Edited By:  |
big news

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़े मामले में सख्त कदम उठाते हुए सारण जिले के सोनपुर के तत्कालीन पुलिस निरीक्षक राजीव नयन कुमार सिंह की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है. यह कार्रवाई 09 अप्रैल 2026 को विशेष न्यायालय निगरानी,पटना के प्राधिकृत पदाधिकारी द्वारा पारित आदेश के तहत की गई.

जानकारी के अनुसार,राजीव नयन कुमार सिंह के खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या-151/2016 दर्ज किया गया था. उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप था. इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(ई) के तहत 26 दिसंबर 2016 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की विस्तृत जांच के बाद निगरानी विभाग ने आरोप पत्र दाखिल किया और 11 अगस्त 2025 को उनकी संपत्ति जब्त करने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया.

अदालत में सुनवाई के दौरान यह साबित हुआ कि आरोपी ने 16 लाख 44 हजार 158 रुपये की अचल संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की थी. इसके बाद न्यायालय ने इस संपत्ति को बिहार सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश दे दिया. इस मामले में विशेष लोक अभियोजक द्वारा प्रभावी पैरवी की गई,जिससे यह कार्रवाई संभव हो सकी.

निगरानी विभाग के अनुसार,यह कार्रवाई राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है. विभाग ने बताया कि वर्ष 2011 से अब तक कुल 46 मामलों में 32 करोड़ 34 लाख 55 हजार 142 रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है. इनमें वर्ष 2024 में तीन मामलों में 6.43 करोड़ रुपये,वर्ष 2025 में तीन मामलों में 2.30 करोड़ रुपये और वर्ष 2026 में अब तक एक मामले में 16.44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है.

इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती बढ़ी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--