Hindi News / केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मेघालय के सीएम कॉनराड के संगमा से शिलांग में...

BIG NEWS : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मेघालय के सीएम कॉनराड के संगमा से शिलांग में की भेंट

Edited By:  |
big news

NEWS DESK : लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान गुरुवार को शिलांग में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा से मुलाकात कर राज्य के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की.

बैठक में मेघालय के कृषि उत्पादों—जैसे फल,मसाले और ऑर्गेनिक फसलों की अपार संभावनाओं पर विशेष जोर दिया गया. चिराग पासवानने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में प्राकृतिक संसाधनों की भरपूर उपलब्धता है,जिसका सही उपयोग कर फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बड़े स्तर पर विकसित किया जा सकता है. इससे न केवल स्थानीय किसानों को सीधा लाभ मिलेगा,बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षा जताई. उन्होंने कहा कि मेघालय में ऑर्गेनिक खेती और स्थानीय उत्पादों को ब्रांडिंग के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है.

बैठक में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री में निवेश बढ़ाने,छोटे और मध्यम उद्यमों (MSME)को प्रोत्साहन देने,कोल्ड स्टोरेज और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने इस सेक्टर में मिलकर काम करने और योजनाओं को तेजी से लागू करने पर सहमति जताई.

इस मुलाकात को पूर्वोत्तर भारत में औद्योगिक विकास, किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार सृजन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

प्रीतम कुमार की रिपोर्ट--