Hindi News / पटना हाईकोर्ट में कार्यरत राज्य सरकार के सभी विधि पदाधिकारियों ने दिया त्याग...

BIG NEWS : पटना हाईकोर्ट में कार्यरत राज्य सरकार के सभी विधि पदाधिकारियों ने दिया त्याग पत्र

Edited By:  |
big news

पटना: पिछले कई वर्षों से लंबित सरकारी वकीलों की नियुक्ति का रास्ता अब साफ हो गया है. शनिवार को पटना हाईकोर्ट में कार्यरत राज्य सरकार के सभी विधि पदाधिकारियों(अपर महाधिवक्ता,राजकीय अधिवक्ता,सरकारी वकील और स्थायी समापुदेशक) ने अपनी स्वेच्छा से अपना पद त्याग दिया.

साथ ही कहा है कि अगर नई बहाली में उन्हें काम करने का फिर से अवसर दिया जाता है,तो उसके लिए भी वे तैयार हैं.

इसके पहले महाधिवक्ता एस डी संजय ने सभी विधि पदाधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न समस्याओं पर उनसे बातचीत की. महाधिवक्ता ने स्पष्ट किया कि जल्दी ही नए सिरे से विधि पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी.

उन्होंने कहा कि नियुक्ति में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा. महिलाओं को भी 33 प्रतिशत स्थान दिया जाएगा. नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगा.

राज्य सरकार का पक्ष मजबूती के साथ कोर्ट के समक्ष पेश किया जाए ताकि तेजी से मुकदमों का निपटारा हो सके. महाधिवक्ता ने कहा कि सरकारी वकीलों की जो भी समस्याएं हैं उन्हें भी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा.

हालांकि राज्य सरकार के सभी कार्यरत सभी विधि पदाधिकारियों ने अपने पद से स्वेच्छापूर्वक अपना पद त्याग दिया है. लेकिन नयी नियुक्तियां होने तक ये अपना कार्य करते रहेंगे.

महाधिवक्ता एस डी संजय ने बताया कि त्यागपत्र देने वाले विधि पदाधिकारी वैकल्पिक व्यवस्था होने तक कार्य करेंगे. अभी उनका त्यागपत्र स्वीकार किया जाना शेष है.

उन्होंने बताया कि नयी व्यवस्था भी शीघ्र होगी. लेकिन अभी जिन विधि पदाधिकारियों ने पद से त्यागपत्र दिया है,वे फिलहाल कार्य करते रहेंगे.

पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट--